बरेली। जनकपुरी स्थित शिवाजी पार्क इस वर्ष भी श्री गणपति बप्पा के आगमन का साक्षी बनेगा। ऑल इंडिया रियल फॉर कल्चरल एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी, मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी, महिला कल्याण समिति और भैरव सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में 4 और 5 सितम्बर को दसवां द ग्रेट गणपति महोत्सव धूमधाम से आयोजित होगा। यह महोत्सव श्री गंगा, गौ, बेटी व पर्यावरण संरक्षण तथा रक्तदान को समर्पित है। संस्थापक/राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सक्सेना ने प्रेस वार्ता में बताया कि पहले दिन 4 सितम्बर को 6.5 फीट ऊँची मिट्टी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आचार्य गोपाल कृष्ण ठाकुर के करकमलों से कलश पूजन होगा। शाम 5 बजे विशेष आकर्षण के रूप में गणपति बप्पा को 165 किलो लड्डू का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या, नाट्य मंचन, सम्मान समारोह व महाआरती का आयोजन होगा। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, बृज प्रांत क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैन्ट विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा समेत अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मुख्य अतिथि रहेंगे। दूसरे दिन 5 सितम्बर को सुबह 10 बजे हवन-पूजन के बाद गणपति जी की भव्य शोभायात्रा शिवाजी पार्क से प्रारंभ होकर जनकपुरी, राजेन्द्र नगर होते हुए रामगंगा घाट तक जाएगी, जहाँ विधिविधान से प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा।