शोरूम का गेट गिरा, दबकर गार्ड ने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम — वायरल वीडियो देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे
मुरादाबाद। के कटघर थानाक्षेत्र में प्रभात मार्केट स्थित होंडा शोरूम का गेट शुक्रवार सुबह गिर गया, जिसके नीचे दबकर गार्ड रविंद्र कुमार सिंह (58) ने तड़प तड़पकर दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन आ गए और उन्होंने शोरूम मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि देर रात तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है। दिल्ली रोड स्थित इलेवन ऑर्चिड निवासी मानिक मिगलानी का प्रभात मार्केट के पास होंडा बाइक का शोरूम है। इस शोरूम में शर्मा सिक्योरिटी कंपनी की ओर से कटघर के शिवनगर निवासी रविंद्र कुमार सिंह (58) गार्ड थे। रविंद्र के बेटे मोहित ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब पौने सात बजे उसके पिता घर से ड्यूटी के लिए निकले थे, जब वह शोरूम पर पहुंचे तो उस समय तक शोरूम नहीं खुला था। सुबह करीब 8:30 बजे जब दूसरा गार्ड वहां से गया तो रविंद्र शोरूम के बाहर का स्लाइडर गेट बंद करने लगे। इसी दौरान गेट गिर गया, जिसके नीचे वह दब गए। उन्होंने गेट से निकलने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। आसपास के लोगों ने गेट हटाकर उन्हें बाहर निकाला गया है। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन आ गए और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शोरूम और थाने पर पहुंचकर हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि शोरूम वालों ने लापरवाही के कारण गेट ठीक नहीं कराया था, जिस कारण चपेट में आकर रविंद्र कुमार की मौत हुई है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि परिजनों ने देर रात तक कोई तहरीर नहीं दी थी।
रोंगटे खड़े कर रहा वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे तीन मिनट 46 सेकंड के वीडियो को देखकर रेंगटे खड़े हो जा रहे हैं। वीडियो में रविंद्र कुमार गेट बंद करते दिख रहे हैं और अचानक उनके ऊपर गेट गिर जाता है। इसके बाद वह गेट के नीचे दब जाते हैं। उन्होंने खुद को बचाने के लिए बहुत संघर्ष किया लेकिन गेट भारी होने के कारण वह सफल नहीं हो पाए।
परिजनों को रोरोकर बुरा हाल
गार्ड रविंद्र कुमार के परिवार में पत्नी चंद्रकांता सैनी और एक बेटा मोहित कुमार है। रोज की तरह रविंद्र घर से निकले थे। उस वक्त घर में सबकुछ ठीक था। करीब साढ़े आठ बजे परिवार को हादसे की जानकारी मिली तो चीखपुकार मच गई।













































































