बरेली। बरेली आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल, बरेली में प्रथम आर्म रेसलिंग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य छात्रों को आर्म रेसलिंग के नियमों, तकनीकों और शारीरिक फिटनेस के बारे में जागरूक करना था। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षक मुरादाबाद से आये देव सिंह ने आर्म रेसलिंग के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से खेल की बारीकियाँ सिखाईं। शिविर में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल के प्रति उत्साह दिखाया। नवगठित संगठन के डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने कहा कि वैसे तो आर्म रैसलिंग एक ऐसा खेल है जिसे हम लोग बचपन से ही खेलते आए हैं मगर अब इसको एक संगठित स्वरूप मिला है। अब इसे न केवल मनोरंजन के साधन के तौर पर बल्कि हमारे संगठन के माध्यम से करियर के रूप में भी देखा जा सकता है। सचिव अकमल खान ने बताया कि कैंप के बाद जल्द ही प्रथम जिला स्तरीय आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रदेश स्तर की रेसलिंग प्रतियोगिता के लिए बरेली टीम का चयन होगा। प्रधानाचार्य डॉक्टर प्रियंका सरकार ने कहा कि माधवराव सिंधिया स्कूल हमेशा ही खेल और खिलाड़ियों के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।