स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में फेयरवेल पार्टी हुई,छात्र-छात्राओं ने खूब धमाल मचाया
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज के विज्ञान संकाय (गणित वर्ग) के जूनियर विद्यार्थियों के द्वारा अपने सीनियर्स के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक अतिथि व्याख्यान भी आयोजित हुआ। विद्यार्थियों को उदबोधन देते हुए सीएसआईआर के सीनियर साइंटिस्ट डॉ मुदित दीक्षित ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में कैरियर के अनेकों अवसर विद्यमान हैं। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक सीखने का प्रयास करना चाहिए तथा समय-समय पर स्वयं का परीक्षण भी करते रहना चाहिए। विद्यार्थियों के अंदर “मैं कर सकता हूं” जैसी भावना कूट-कूट कर भरी होनी चाहिए। क्या, क्यों एवं कैसे जैसे प्रश्न हमेशा विद्यार्थी के दिमाग में कौंधते रहने चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि तकनीकी की प्रगति का मूल आधार विज्ञान ही है। विज्ञान के द्वारा समाज एवं राष्ट्र की सभी समस्याओं का समाधान हो सकता है। विज्ञान के विद्यार्थी को धैर्य, लगन एवं सतर्कता के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो आर के आजाद ने कहा कि विद्यार्थी सफलता के लिए समय का इंतजार करें। अनुकूल समय आने पर सफलता अवश्य मिलती है। इसके साथ ही विद्यार्थी समाज के प्रति अपनी भूमिका को समझते हुए उसकी उन्नति में अपना योगदान करते ररहें।
विद्यार्थियों के द्वारा इस अवसर पर भाषण, गीत, कविता, ग्रुप डांस आदि अनेक प्रस्तुतियां दी गईं। जूनियर विद्यार्थियों के द्वारा सीनियर्स के लिए अनेक खेलों का आयोजन भी किया गया। तमाम प्रस्तुतियों के आधार पर अनुभव कश्यप को मिस्टर फेयरवेल एवं इंद्राक्षी को मिस फेयरवेल घोषित किया गया। जूनियर विद्यार्थियों के द्वारा सीनियर्स को उपहार भी भेंट किए गए। कार्यक्रम में विज्ञान संकाय के सहसंकायाध्यक्ष डॉ आलोक सिंह भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ शिशिर शुक्ला, हर्ष पाराशरी, अमित गंगवार, डॉ प्रांजल शाही, शशांक गुप्ता, सत्येंद्र कुमार सिंह, अमित राज चौहान, डॉ संदीप दीक्षित, चंदन गोस्वामी, प्रशांत शर्मा, देवेंद्र कुमार, रजनीश दीक्षित आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को आयोजित करने में अनुज यादव, मुनेंद्र, कनक, साक्षी आदि का विशेष सहयोग रहा।













































































