बदायूँ-बरेली समेत यूपी की सभी जेलों में कैदियों ने संगम के गंगा जल से स्नान किया
बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुम्भ के पावन अवसर पर जेलों में बंद कैदियों को संगम जल से स्नान कराने की एक अनूठी पहल की है। बरेली सहित प्रदेश की 76 जेलों में बंद लगभग 90,000 कैदियों ने आज संगम जल से स्नान किया। यह कदम कैदियों को आध्यात्मिक और मानसिक शांति प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया था।

महाकुम्भ में शामिल होने से वंचित रहने वाले कैदियों के लिए यह एक सुखद अनुभव रहा। प्रदेश सरकार ने सभी जेलों में कलशों के माध्यम से संगम जल पहुंचाया और सुबह साढ़े नौ बजे से दस बजे के बीच सामूहिक स्नान का आयोजन किया गया। बरेली सेंट्रल जेल द्वितीय के वरिष्ठ जेल अधीक्षक विपिन मिश्रा ने बताया कि यह योगी सरकार की एक अनूठी पहल है, जिससे कैदियों को आध्यात्मिक लाभ मिला। इसके लिए प्रदेश के कारागार विभाग ने विस्तृत योजना बनाई और संगम जल को कलशों में भरकर सभी जेलों में पहुंचाया। जेलों में कलशों की स्थापना की गई और पूजा-अर्चना के बाद संगम जल को पानी की टंकियों या कुंडों में डाला गया, ताकि सभी कैदी इस पवित्र जल से स्नान कर सकें। इस पहल से कैदियों को महाकुम्भ के पावन अवसर का लाभ मिला और उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ।

बदायूं जिला कारागार में कैदियों के लिए शुक्रवार को एक विशेष आयोजन किया गया। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और कारागार महानिरीक्षक पीवी रामाशास्त्री की पहल पर कैदियों को महाकुंभ स्नान का अनूठा अनुभव कराया गया। जेल प्रशासन ने कारागार के सभी अहातों में स्थित पानी की हौद और टैंक में महाकुंभ का पवित्र जल मिलाया। इस पवित्र जल से स्नान करने के बाद बंदियों के चेहरे पर खुशी साफ देखी गई। यह पहल कैदियों के मानसिक और आध्यात्मिक कल्याण के लिए की गई। महाकुंभ का पवित्र जल प्रयागराज से विशेष रूप से लाया गया था। इस आयोजन से कैदियों को महाकुंभ स्नान का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला, जो अन्यथा उनके लिए संभव नहीं था। जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने कलश का विधिवत पूजन किया। इस मौके पर जेलर रणंजय सिंह, उप जेलर मोहम्मद खालिद, चीफ हेडवार्डर सुनील पाण्डेय व अंबरीश कुमार आदि मौजूद रहे।













































































