जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया गया बहनजी का जन्मदिवस, लोगों बांटी मिठाइयां
बरेली। गुरू अशोक मित्र बुद्ध विहार जनकल्याण समिति द्वारा ग्राम चावर में, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का जन्मदिवस ‘जन कल्याणकारी दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर गुरू अशोक मित्र बुद्ध विहार, चावर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति अध्यक्ष वरिष्ठ उपासक द्वारिका प्रसाद ने सभी को बहनजी के जन्मदिन की शुभकामनाएं एवं बधाइयां दीं तथा उन्होंने कहा कि आज समाज बदल रहा है। इस आधुनिक वैज्ञानिक युग में हमें बदलते परिवेश के अनुसार ही समाज को ढालना होगा अन्यथा देश तरक्की नहीं कर पाएगा। हमें अपने समाज की आधी आबादी महिलाओं को हक-अधिकार-सम्मान देना होगा। बहनजी ने देश के सबसे बड़े सूबे की मुख्यमंत्री रहते हुए जो जन कल्याणकारी विकास कार्य किए, उससे साबित होता है कि लड़कियों में योग्यता की कोई कमी नहीं है बल्कि उन्हें पर्याप्त मौके नहीं मिलने के कारण, वे देश सेवा से वंचित रही हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ उपासक हेतराम बौद्ध ने बहनजी की तरह ही समाज के समस्त महास्त्रियों को को भी सम्मान देने की जरूरत बताई। कार्यक्रम में डॉ अमित प्रियदर्शी ने कहा कि आज बाबासाहेब अम्बेडकर व संविधान सभा के सभी सदस्यों की बदौलत महिलाओं को सम्मान मिला है। देश में संविधान ने समतामूलक समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया है। हम सभी को समाज को समतामूलक समाज बनाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए। मायावती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर चार-चार बार रहकर व जन कल्याणकारी शासन चलाकर साबित कर दिया कि महिलाएं, पुरुषों से किसी रूप में कम नहीं हैं। महिलाओं को बहनजी के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है कि कैसे पितृसत्तात्मक समाज में उन्होंने संघर्ष कर राजनीति में खुद को स्थापित किया है। भारत को राजनीति में अधिक महिलाओं की जरूरत है। जन कल्याण महिलाओं का नैसर्गिक गुण है, आज के पूंजीवादी समाज में राजनीति में महिलाओं की बेहद जरूरत है ताकि राजनीति, जनकल्याण एक-दूसरे के पर्याय बनें। इस अवसर पर डॉ वंदना प्रियदर्शी ने महिलाओं के हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि बहनजी ने खुद के शासन में जन कल्याणकारी योजनाएं चलाईं। नीतू गौतमी ने कहा कि बहनजी द्वारा एक महिला के रूप में खुद को राजनीति में मजबूती से स्थापित किया है, इससे हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। महिलाओं को विशेषकर यूवा लड़कियों को राजनीति में जमकर भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर डॉ अमित प्रियदर्शी द्वारा सभी को मिठाई खिलाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता नीतू गौतमी द्वारा की गई। इस अवसर पर लीलावती, शिवेक, साक्षी, नन्हीं देवी, कमला, विमला, क्रांती, गौतमी, राजेश्वरी, प्रेमवती, राजो, मंजू, वीरवती, कुसुम, सुषमा आदि लोग मौजूद रहे।













































































