बरेली। आंवला क्षेत्र में सोमवार को सामाजिक न्याय यात्रा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस यात्रा में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कुलदीप भार्गव भी उपस्थित रहे। इस आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और सामाजिक न्याय की आवाज को और बुलंद किया। यात्रा में जिला बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत से आए भीम आर्मी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। यात्रा का उद्देश्य समाज के वंचित और शोषित वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सामाजिक न्याय की दिशा में सशक्त प्रयास करना था।