जीआरएम स्कूल डोहरा रोड परिसर में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।
बरेली। श्री गुलाब राय माॅण्टेसरी स्कूल,डोहरा रोड परिसर में ७८ वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारीं रिद्धि अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य शील सक्सेना ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में ज्यों-ज्यों कड़ियाँ जुड़ती गईं देशभक्ति के भावों की रसधार बहती चली गई । कक्षा छह,सात व आठ के नन्हें- मुन्ने बच्चों ने ‘कुछ पर्वत हिलाएँ,’ गीत गाकर देश भक्ति का संचार किया। कक्षा ग्यारह की छात्रा वैभवी वागीशा व प्रांशी यादव ने ‘ओ देश मेरे……..गीत पर देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा पाँच के छात्राओं ने दुल्हन चली……….. गीत पर शानदार नृत्य से सबका मन मोह लिया।

जहाँ कक्षा आठ के छात्र पर्व अग्रवाल ने अंग्रेजी भाषा में अपने ओजस्वी विचारों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया , वहीं कक्षा आठ की छात्रा अपर्णा मिश्रा का भाषण सुन उपस्थित जन-समूह रोमांचित हो उठा। कक्षा सात व आठ की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत वन्देमातरम् ………….गीत प्रस्तुत कर सभी को रोमांचित कर दिया । कक्षा पाँच व छह के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति संदेश देता मंगल पाण्डेय थीम पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब देश के सभी नागरिक सुशिक्षित होते हैं तो देश प्रगति करता है। मुख्य अतिथि रिद्धि अग्रवाल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाइयाँ दीं। प्रधानाचार्य शील सक्सेना ने सभी को संबोधित करते हुए आजादी का मूल्य व महत्त्व समझने व स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि-आज़ादी के बाद हमारे देश ने जो प्रगति की है, वह हमारे सामने है। स्वतंत्रता दिवस मनाने का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण करना है। इस अवसर पर सभी शिक्षक उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने देश के प्रति नैष्ठिक रहने व देश की उन्नति में सहयोग करने की प्रतिज्ञा भी करवाई। कार्यक्रम का संचालन कक्षा बारह के छात्र आदित्य कुमार व मयूरी मिलन ने किया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम पूर्ण हुआ।













































































