मदर्स पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली
बदायूँ। उझानी रोड स्थित मदर्स पब्लिक स्कूल में शासन स्तर पर मिले निर्देशानुसार यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय से बालाजी मंदिर तक जागरूकता रैली निकालते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने हेलमेट का प्रयोग न करने वाले लोगों को सड़क पर रोक – रोक कर जागरूक किया। “एक बाइक दो सवार, हेलमेट है उनकी पहचान…, वाहन धीरे चलाएं, अपना और अपनों का जीवन बचाएं…, धीरे चलें, सुरक्षित चलें… आदि नारों के साथ हाथों में पोस्टर लिए छात्राओं ने लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। मौका था सड़क सुरक्षा के तहत निकाली गई प्रभातफेरी का। पखवाड़े में छात्राओं के साथ-साथ ड्राइवरों को यातायात सुरक्षा की शपथ ग्रहण कराई गई। विद्यालय में छात्राओं को यातायात नियमों से अवगत कराते हुए बताया गया कि जब तक उम्र 18 वर्ष ना हो और लाइसेंस न बन जाए तब तक वाहन चलाना कानूनन अपराध है।

यातायात पखवाड़ा मनाने का उद्देश्य बच्चों के बीच जागरूकता और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है इससे लोग जागरुक होकर सुरक्षा संबंधी सावधानी बरतें। विद्यार्थियों का वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट आदि का प्रयोग करने का निर्देश दिया गया। साथ ही छात्राओं को पोस्टर ,वीडियो,और पी पी टी, के माध्यम से सड़क सुरक्षा के संकेतों से भी अवगत कराया गया। स्कूल की प्रधानाचार्या शीबा खान ने यातायात के नियमों के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि सभी छात्राएं अपने परिचितो ,परिवार वालों, अपने दोस्तों को सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में जागरूक करें । ऐसा करके हम काफी हद तक सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगा सकते हैं ।ट्रैफिक रूल्स का पालन करने से अधिकतर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना होने पर 102 नंबर पर कॉल करके सूचित करें ।इस अवसर समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।













































































