बिल्सी। बीती रात आई तेज आंधी और बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने क्षेत्र के किसानों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है। उम्मीदों से भरी लहलहाती खरबूजा, तरबूज और हरी सब्जी की फसले नष्ट हो गई। किसानो को लाखों रुपये का नुकसान का अनुमान है। इससे किसान बर्बाद हो गए। क्षेत्र के गांव वनबेहटा, अकौली, हरगनपुर, सिरासौल समेत दर्जनों गांवों के किसानों ने तरबूज-खरबूजा की पालेज के साथ तुराई, कद्दू के बीज पौध तैयार कर फसलों को लगाया था। खेतों में लहलहाती फसल इतनी अच्छी थी कि सपनों के बाजार सज रहे थे। बृहस्पतिवार की रात आंधी के साथ बारिश व ओलावृष्टि फसलों पर कहर बनकर टूट पड़ी। इससे सभी फसलें तहस-नहस हो गईं। किसानों ने बताया कि बेमौसम बरसात व ओलावृष्टि ने उन्हें बर्बाद कर दिया है। बाजार में इस बार इन फसलों से लाखों की कमाई की उम्मीद थी, जो अब पूरी तरह से टूट गई है। खरबूजा, तरबूज, तुराई के फल टूटने के साथ नार भी टूट गए। इससे अब आगे भी इनमें फसल आने की उम्मीद नहीं है।