मथुरा। तीर्थनगरी मथुरा में रविवार को गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यमुना घाटों पर स्नान के उपरांत श्रद्धालु ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन को पहुंचे। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी में गलियां श्रद्धालुओं से खचाखच भरी नजर आईं। भीड़ में फंसकर बच्चे और बुजुर्ग परेशान दिखे। स्नान के बाद दान-पुण्य कर्म करते हुए वृंदावन में भक्तों ने बांके बिहारी के दर्शन किए। वहीं, मथुरा शहर में द्वारिकाधीश महाराज और श्रीकृष्ण जन्मभूमि में लोगों ने आराध्य के दर्शन किए। इधर, बरसाना में भी लाखों लोग राधा-रानी के दर्शन को पहुंचे।इधर, वृंदावन में यातायात प्रबंध न होने के चलते सुबह से ही सड़कों पर जाम लग गया। हजारों वाहन जाम में फंस गए। भीषण गर्मी में जाम में फंसने से लोग परेशान हो गए।