उझानी । कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में खेत से आ रहे किसान पर आवारा सांड ने हमला कर पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया । परिजन घायल किसान को लेकर उझानी सरकारी अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया । मंगलवार की रात 11 बजे के समीप थाना उझानी क्षेत्र के गांव मल्लामई के रहने वाले अवनीश (50) पुत्र स्वर्गीय हरीशचंद्र अपने खेत से घर जा रहे थे तभी अचानक आवारा सांड ने उन पर हमला बोल दिया और किसान को पटक – पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया । किसान की चीख पुकार की आवाज सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बमुश्किल किसान को बचाया । परिजन आनन फानन में घायल किसान को लेकर उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर हरीश कुमार ने किसान को मृत घोषित कर दिया । किसान की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया ।