अमरोहा। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र में बुधवार की रात बारातियों से भरी बोलेरो कार में अचानक आग लग गई। बोनट में आग की लपटें उठते ही बारातियों ने कूदकर जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों की टीम ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। गनीमत रही बड़ा हादसा होने से टल गया। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव चुबका से बुधवार को युवक की बरात बिजनौर जनपद के मुराहट गांव गई थी। रात करीब 8 बजे कुछ बराती बोलेरो कार में सवार होकर वापस लौट रहे थे। कार को साबुद्दीन चला रहा था। जैसे ही कार नौगांवा सादात में नहर के पुल से पहले पहुंची। तभी अचानक शार्ट सर्किट होने के बाद आग लग गई। थोड़ी देर में आग की लपटें आसमान छूने लगीं। तभी चालक और गाड़ी में बैठे बारातियों ने कूदकर जान बचाई। सूचना मिलते ही नौगांवा सादात थाना पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। लेकिन इससे पहले कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सीओ सतीश चंद पांडेय ने बताया कि बड़ा हादसा होने से टल गया है। कार में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है।