किसी ने लिए फेरे तो किसी ने कहा ‘‘कु़बूल है…’’

IMG_3968

बदायूँ। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अन्तर्गत ब्लाॅक दातागंज में दातागंज, समरेर, म्याऊँ एवं उसावां, सालारपुर में सालारपुर एवं जगत, बिसौली में बिसौली, आसफपुर एवं वजीरगंज, कादरचैक में कादरचैक एवं उझानी, सहसवान में सहसवान एवं दहगवां तथा अम्बियापुर में अम्बियापुर एवं इस्लामनगर सहित जनपद के समस्त 15 ब्लाॅक की शादियाँ 6 ब्लाको में कराई गईं। विधानसभा बिल्सी के 29, दातागंज के 31, शेखूपुर के 24, बिसौली के 61, बदायूँ सदर के 32 तथा सहसवान के 20 जोड़ों कुल 197 जोड़ों की शादी कराई गई। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, बिसौली विधायक कुसाग्र सागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय अन्य प्रतिनिधियों ने नवदम्पत्तियों को आर्शीवाद दिया।
बुधवार को उत्तर प्रदेश में नगर विकास राज्यमंत्री महेश चन्द्र गुप्ता ने विधानसभा सदर के सालापुर में पहुंचकर नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि जीवन में सबसे बड़ा दान कन्या दान ही माना जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित कर सबका साथ सबका विकास करने का एक ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सपना देखा था कि किस प्रकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति का विकास किया जाए उसी सपने को साकार करने में उत्तर प्रदेश सरकार कार्यरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे एतिहासिक कार्यक्रम करने से आपस में भाईचारा बढ़ता है। सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीब परिवारों का सहयोग कर रही है। ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहना चाहिए।
जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहेंगे जिससे समाज में आपसी मतभेद दूर होगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में जिन वर-वधुओं की शादी हो रही है, वह बड़े भाग्यशाली हैं। अपनी शादी में नेता, मंत्री और अधिकारियों को बुलाने के लिए लोग बार-बार निमंत्रण देते हैं और नहीं पहुंच पाते हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में सभी लोग मौजूद होकर वर वधुओं को आशीर्वाद दे रहे हैं। यह एक अद्भुत नज़ारा है। अब माता-पिता पर लड़कियां बोझ साबित नहीं होंगी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अन्तर्गत प्रत्येक जोडे़ को 51 हजार रुपए धनराशि निर्धारित है, जिसमें 35 हजार रुपए वधु के बैंक खाते में, 10 हजार रुपए विवाह संस्कार हेतु आवश्यक सामग्री के लिए जैसे कपड़े, गहने एवं 07 वर्तन तथा 6 हजार रुपए की धनराशि विवाह आयोजन की व्यवस्थाओं/अथितियों के स्वागत सत्कार में व्यय की गई है।