बदायूं।किताबों का विद्यार्थी जीवन में कितना महत्व है, यह सभी जानते हैं। ग्रामीण अंचलों में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए क्या व्यवस्थाएं ज़मीनी स्तर पर हैं, इसे देखने के लिए जिलाधिकारी दीपा रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज के साथ जगत के अन्तर्गत ग्राम खुनक एवं सालारपुर के अन्तर्गत ग्राम मलिकपुर पहुंचकर पुस्तकालय एवं वचनालय का ज़ायजा लिया। यहां विभिन्न प्रकार की पुस्तकें मौजूद थीं। यहां पहुंचकर उन्होंने निर्देश दिए कि पुस्तकालय में आने वाले पाठकों का भविष्य उज्जवल बनाने व बेहतर जानकारी के उद्देश्य से यहां रोजगार समाचार, मैगजीन, कम्प्टीशन की किताबे रखवाई जाएं, जिससे विद्यार्थी यहां अच्छी किताबों का अध्यन कर आज के दौर के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके और तैयारी करके कम्प्टीशन में बैठ सकें। किसी भी विद्यार्थी के लिए सबसे बड़ा उपहार पुस्तकें होती हैं। इसलिए समय समय पर विद्यार्थियों को उनकी ज़रूरत के हिसाब से पुस्तकें उपलब्ध कराएं और उनको बेहतर मार्गदर्शन करें। पाठकों की उपस्थिति पंजिका भी बनाई जाए। इन ग्रामों में डीएम ने पंचायत भवन एवं निर्माणाधीन खेल मैदान व पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त प्रकार के निर्माणाधीन कार्याें को तेजी से गुणवत्तापूर्वक एवं मानक के अनुसार किया जाए। कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं होना चाहिए। डीएम ने निर्देश दिए कि पंचायत भवनों में लेखपाल एवं ग्राम सचिव समय से बैठकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराएं। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में बताकर पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने में सहयोग करें। समय-समय पर गांवों में जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहें, जिससे पात्रों को समय से शासकीय योजनाओं का लाभ मिलता रहे।