बदायूं।आज नारी सशक्तिकरण दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती नारी स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाई।इस अवसर पर लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। बरेली विभाग की सहसंयोजक कुमारी रुचि द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग को उदघाटित कर वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।जिला आयाम प्रमुख राजेन्द्र वर्मा ने कहा कि लक्ष्मीबाई एक ऐसी वीरांगना थी जो अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ नतमस्तक ना होकर अपने राज्य और अपनी अस्मिता के लिए युद्ध करने का मार्ग चुना जो उनके एक निडर और बहादुर स्त्री होने का प्रमाण है।
प्रान्त सहमंत्री अंकित पटेल ने कहा कि भारत में जब भी महिलाओं के सशक्तिकरण की बात होती है तो महान योद्धा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की चर्चा जरूर होती है।नगर सहमंत्री दिव्या राजपूत ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ना सिर्फ एक महान नाम है बल्कि वह हम सभी छात्राओं के लिए एक आदर्श हैं जो खुद को बहादुर मानती हैं। राष्ट्रीय कला मंच की नगर संयोजक एकता सक्सेना ने कहा कि देश के पहले स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली रानी लक्ष्मीबाई के अप्रतिम शौर्य से चकित अंग्रेजों ने भी उनकी प्रशंसा की थी और वह अपनी वीरता के किस्सों को लेकर किंवदंती बन चुकी हैं। इस अवसर पर दीक्षा सक्सेना, जिला विस्तारक दिव्यांशु पचौरी,प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य विपिन तोमर, नगरआंदोलन प्रमुख मृतुंजय सिंह आदि उपस्थित रहे।