बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव मुड़िया धुरेकी निवासी एक मजदूर की पंजाब के होशियारपुर में सांप के डसने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उपचार से इनकार कर दिया। परिजन उसे बदायूं लेकर आ रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। घर पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।मुड़िया धुरेकी गांव निवासी 35 वर्षीय चुन्नीलाल पंजाब के जिला होशियारपुर में रजनी माता मंदिर के पास कमरा लेकर रह रहे थे। वह वहां एक फैक्ट्री में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को चुन्नीलाल अपने कमरे में चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान एक सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर साथ मौजूद लोग और परिजन उन्हें उपचार के लिए होशियारपुर के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें उपचार के लिए मना कर दिया। इसके बाद परिजन चुन्नीलाल को लेकर बदायूं के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि घर लाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शनिवार को शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। चुन्नीलाल की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।