बदायूं। शहर में अंडरग्राउंड विद्युत केबलों में आने वाले फॉल्ट का सटीक स्थान अब आधुनिक तकनीक की मदद से आसानी से पता लगाया जा सकेगा। शनिवार को शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बदायूं में अंडरग्राउंड फॉल्ट लोकेशन मशीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। विधायक महेश चंद्र गुप्ता के विशेष प्रयासों से शहर के लिए उपलब्ध कराई गई यह आधुनिक मशीन अंडरग्राउंड केबल में आने वाले फॉल्ट का एक्जैक्ट प्वाइंट (Exact Point) चिन्हित करेगी। इससे पहले फॉल्ट का सही स्थान खोजने में काफी समय लगता था, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में देरी होती थी और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था। विद्युत विभाग ने इस कार्य के लिए एम/एस दुर्गेश चंदेल एवं एम/एस राहत एंड ब्रदर्स को टेंडर प्रदान किया है। दोनों फर्में अत्याधुनिक मशीन के माध्यम से अंडरग्राउंड केबल फॉल्ट का सटीक स्थान चिन्हित कर त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करेंगी, जिससे शहर में बाधित विद्युत आपूर्ति को कम समय में बहाल किया जा सकेगा।विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि इस नई तकनीक के उपयोग से बदायूं शहर की विद्युत व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे शहरवासियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। शुभारंभ कार्यक्रम में डीसीबी चेयरमैन जितेंद्र कुमार सक्सेना, वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी सोलंकी, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, एसडीओ पनवड़िया अरविंद कुमार, जेई कार्यशाला कफील अहमद सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।