बरेली। आगामी 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले उर्स-ए-आला हज़रत एवं उर्स-ए-अमीन-ए-शरीअत के मद्देनज़र ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी ने ज़ायरीन की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम), उत्तर रेलवे, मुरादाबाद को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक, बरेली जंक्शन को सौंपा। ज्ञापन आरएसी के इमरान रज़ा बरकाती के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश सहित महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, ओडिशा, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब समेत देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में ज़ायरीन बरेली पहुंचेंगे। इसे देखते हुए विभिन्न शहरों से बरेली के लिए विशेष ट्रेनें चलाने तथा गुजरने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने की मांग की गई। आरएसी ने हाल के दिनों में ट्रेनों में उलमा और अक़ीदतमंदों पर हुए हमलों का उल्लेख करते हुए आरक्षित और अनारक्षित दोनों डिब्बों में सुरक्षा बलों की तैनाती, उर्स से एक सप्ताह पहले और एक सप्ताह बाद तक विशेष रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन शुरू करने तथा सभी स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।इसके अलावा बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर स्टेशन के साथ इस्लामिया मैदान, मथुरापुर और दरगाह आला हज़रत व दरगाह अमीन-ए-शरीअत के निकट विशेष टिकट खिड़कियां खोलने, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार और पूछताछ काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर हाफिज़ इमरान रज़ा, मौलाना कमरुज्जमा, मौलाना सैय्यद तौकीर रज़ा, मौलाना आरिफ रज़ा समेत आरएसी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कमेटी ने रेलवे प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।