उझानी-बदांयू ।संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज उझानी में मंगलवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य शैलेंद्र कुमार शर्मा तथा प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने मां सरस्वती एवं महर्षि वेदव्यास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।इस अवसर पर मुख्य वक्ता शैलेंद्र कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को गुरु के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु, मार्गदर्शक एवं शिक्षकों के सम्मान का पर्व है। यह दिन महाभारत के रचयिता महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। गुरु ही शिष्य को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है।प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु और शिष्य के पवित्र बंधन का प्रतीक है। इस दिन शिष्य अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना ज्ञान अधूरा है। जिस प्रकार दीपक अंधेरे में मार्ग दिखाता है, उसी प्रकार गुरु जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं। हमें हमेशा अपने गुरु के प्रति आदर और विनम्रता रखनी चाहिए।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गुरु वंदना प्रस्तुत की और शिक्षकों से आशीर्वाद प्राप्त किया।