बदायूँ। अखिल भारत हिन्दू महासभा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिंह पटेल के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शहर के संवेदनशील मार्गों पर फुटपाथ एवं सड़क की भूमि पर हुए कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बदायूँ- दिल्ली मार्ग स्थित आरिफीन मस्जिद का निर्माण एवं प्रवेश द्वार सड़क और फुटपाथ की भूमि पर किया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा आईजीआरएस शिकायत के जवाब में सड़क सीमा से निर्माण मात्र 45 फीट की दूरी पर होने तथा संबंधित समिति द्वारा कोई स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत न किए जाने का उल्लेख किया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व में प्रमुख सचिव एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। साथ ही राजकीय कारागार से लालपुल और जियारत तक सरकारी भूमि एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण होने का भी आरोप लगाया गया। हिन्दू महासभा ने कहा कि यह मार्ग अत्यंत संवेदनशील है और यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। संगठन ने जिलाधिकारी से सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप अवैध निर्माण हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।