बदायूं में कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज: 6 जोन, 16 सेक्टर, 422 सीसीटीवी, 32 शिविर और कड़े सुरक्षा इंतजाम
बदायूं।। आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा स्पष्ट निर्देश दिए कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा पूरी तरह सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त होनी चाहिए। वहीं जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा का आयोजन धार्मिक उत्सव की गरिमा के अनुरूप धूमधाम से कराया जाए तथा कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपनी तैयारियां पूरी करें और आपसी समन्वय के साथ ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें कि बदायूं आने वाले शिवभक्त यहां से सुखद और अविस्मरणीय अनुभव लेकर जाएं। उन्होंने यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने वन विभाग को निर्देशित किया कि प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं को फलदार पौधों का वितरण किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को यात्रा मार्ग के सभी गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने तथा नगर निकायों को खुले नालों को ढंकने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और कांवड़ मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बिजली विभाग को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर स्थित विद्युत पोलों पर सुरक्षा के लिए प्लास्टिक रैपिंग की जाए, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग की जाए तथा ढीले विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि यात्रा मार्ग पर स्थापित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त दवाइयां, चिकित्सक और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे तथा पुलिस कर्मियों का व्यवहार कांवड़ियों के प्रति सौहार्दपूर्ण और सहयोगात्मक होना चाहिए।
बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने प्रत्येक कांवड़ शिविर पर मोबाइल शौचालय, महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने का सुझाव दिया।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट, चौड़ाई 10 फीट तथा ध्वनि सीमा 75 डेसीबल निर्धारित की गई है। पूरे जनपद को 6 जोन और 16 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट एवं जोनल पुलिस अधिकारी तथा प्रत्येक सेक्टर में दो पालियों में सेक्टर मजिस्ट्रेट और तीन पालियों में स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कछला गंगाघाट से मुख्य कांवड़ मार्ग तक 422 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त 7 वॉच टावर, बैरिकेडिंग, नाव, प्रशिक्षित गोताखोर, मोबाइल टॉयलेट, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जनपद के 132 शिवालयों, जिनमें 68 जलाभिषेक स्थल शामिल हैं, पर विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कछला गंगाघाट, जोरी नगला, भुण्डी, अटैना, साधू मढ़ी और जामनी सहित कुल 6 गंगा घाटों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर 32 कांवड़ शिविर स्थापित होंगे, जहां शिविर संचालकों को रोस्टर के अनुसार स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कुल 331 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हैलोजन लाइटें तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मांस की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
उन्होंने बताया कि त्वरित सहायता एवं निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा कछला पुलिस चौकी, कोतवाली उझानी, कोतवाली बदायूं और थाना सिविल लाइंस में भी नियंत्रण कक्ष संचालित रहेंगे, जहां से यात्रा की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार शाम 5 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा। इस वर्ष 3, 10, 17 और 24 अगस्त को चार सावन सोमवार पड़ेंगे, जबकि 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि तथा 28 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा।
बैठक में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी वागीश पाठक, शेखूपुर के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए। बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री को कलेक्ट्रेट परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा जिलाधिकारी एवं अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जे.के. सक्सेना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।















































































