बदायूं। जनपद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित आमगांव में एक निजी स्कूल के चपरासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि उनकी मौत सांप के काटने से हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार आमगांव निवासी आवेश सिंह (60 वर्ष) पुत्र टोंड़ी सिंह गांव के ही एक निजी स्कूल में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह शुक्रवार रात स्कूल परिसर में सोने के लिए गए थे। शनिवार सुबह जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजन उनकी तलाश करते हुए स्कूल पहुंचे। वहां उन्होंने आवेश सिंह को स्कूल परिसर में मृत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की जानकारी तत्काल स्कूल प्रबंधन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि आवेश सिंह की मौत सांप के काटने से हुई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मृतक अपने पीछे दो बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।