बरेली। रोटरी पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह में उत्साह और रंगारंग प्रस्तुतियों के दौरान विद्यार्थियों ने ‘मातृ- पितृ पूजन’ के माध्यम से माता पिता की पूजा अर्चना कर भारतीय संस्कृति के प्रति अटूट श्रद्धा प्रकट की । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फरीदपुर के एस. डी. एम. राम जन्म यादव उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में बंगाली धुनुची नृत्य, रामायण पर आधारित ‘सीता स्वयंवर’ की मनोहारी प्रस्तुति और साल्सा डांस जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेल और शिक्षा में मेधावियों का सम्मान वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। रोटरी पब्लिक स्कूल द्वारा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कृष्णा पब्लिक स्कूल की टीम टी 20 की विजेता एवं रोटरी पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही। मुख्य अतिथि राम जन्म यादव ने विजेता उप विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर उज्जवल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि ने इस आयोजन को विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और उत्कृष्टता का अद्भुत संगम बताया । ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के स्कूल के होने पर रोटरी क्लब बरेली साउथ की सराहना की । विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिनव अग्रवाल, पीडीजी रवि मेहरा, पीडीजी रवि प्रकाश अग्रवाल, रोटेरियन दिनेश गोयल (आईआईए नेशनल प्रेसिडेंट), संजीव खंडेलवाल, नीरज अग्रवाल (चेयरमैन, रोटरी पब्लिक स्कूल), विशाल अरोड़ा, संदीप मेहरा, विनोद पागरानी, विभोर भारतीय, शरद सक्सेना, आशीष गुप्ता, चंद्र प्रकाश, सुजीत जायसवाल, शेखर अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, नयन अग्रवाल और विनय कृष्ण अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रिंसिपल नेहा मिश्रा और वाइस प्रिंसिपल दीपिका तिवारी के निर्देशन में हुआ। निर्भय सक्सेना