बरेली में सपा की सिख सामाजिक न्याय यात्रा, कुलदीप सिंह भुल्लर ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आवाहन पर चल रही सिख सामाजिक न्याय यात्रा के तहत पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप सिंह भुल्लर शनिवार को बरेली पहुंचे रविवार को प्रेस वार्ता की । सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सिख समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की बात कही और केंद्र व प्रदेश सरकार पर किसानों, महंगाई और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों को लेकर जमकर हमला बोला।सिख सामाजिक न्याय यात्रा के तहत बरेली पहुंचे कुलदीप सिंह भुल्लर ने कहा कि समाजवादी पार्टी सिख समाज को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) ढांचे में उचित भागीदारी दिलाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इतिहास में सिख समाज ने देश की आजादी से लेकर हरित क्रांति तक अहम योगदान दिया है, लेकिन राजनीति में उनकी भागीदारी सीमित रही है। अब सिख समाज बदलाव का मन बना चुका है।भुल्लर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में लोगों को केवल गुमराह किया गया है और समाज में विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि सैकड़ों किसानों की शहादत के बावजूद सरकार ने देर से कदम उठाए और अब भी किसानों के मुद्दों पर ठोस काम नहीं हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसानों को खाद और डीजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जबकि बाजार में नकली पेस्टिसाइड खुलेआम बिक रहे हैं। महंगाई पर भी सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म होते ही कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है।गौशालाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए भुल्लर ने कहा कि वहां पशुओं की हालत बेहद खराब है और उनके रखरखाव के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने सरकार से बजट बढ़ाने और निगरानी के लिए कमेटियां गठित करने की मांग की।
सिख समाज को एकजुट करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस से 1984 के बाद ही सिख समाज का मोहभंग हो चुका है और भाजपा को भी उस दौर की घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सपा लगातार सिख समाज के बीच जाकर संवाद कर रही है और आने वाले समय में व्यापक समर्थन मिलेगा।उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान नवाबगंज, हाफिजगंज और भूता समेत कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा शहर और देहात के अन्य क्षेत्रों में भी बैठकें जारी हैं और सोमवार को बहेड़ी व अन्य स्थानों पर कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। साथ ही सीमा पर शहीद हुए जवान के परिजनों से मिलकर श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।















































































