बदायूँ के नरसिंह जन्मोत्सव पर भक्ति में डूबा नगर, भजन संध्या और भंडारा हुआ,प्रसाद ग्रहण किया
बदायूँ। नरसिंह मंदिर के तत्वाधान में भगवान नरसिंह जी का जन्मोत्सव राधा रसिक बिहारी मंडल द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति, उत्साह और दिव्यता से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश जी द्वारा मधुर गणेश वंदना एवं गुरु वंदना के साथ किया गया। इसके बाद भजन संध्या का पावन आरंभ हुआ, जिसमें गाए गए भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे।
इस पावन अवसर को सफल बनाने में राजेश शर्मा, अमन नारंग, शिवम सक्सेना, विक्की देवल सहित अनेक श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा। इसके अलावा पी.डी. अग्निहोत्री, जितेंद्र गुप्ता, अमित रस्तोगी, कुलदीप गुप्ता, पंकज सक्सेना, सत्यनारायण, पुष्पेंद्र गुप्ता, राहुल गुप्ता, रजत गुप्ता एवं रोमी गुप्ता ने विशेष सहयोग प्रदान कर कार्यक्रम की शोभा को बढ़ाया।
मंडल संरक्षक राजेश शर्मा जी ने कहा कि भगवान नरसिंह जी की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे और ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भक्ति और सद्भाव का प्रसार होता रहे।
इस अवसर पर पुरोहित श्री श्याम मिलन शास्त्री जी ने बताया कि भगवान नरसिंह, भगवान विष्णु के चौथे अवतार हैं, जिनका प्राकट्य भक्त प्रह्लाद की रक्षा और अधर्मी हिरण्यकशिपु के वध के लिए हुआ था।
मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ने बताया कि नरसिंह भगवान शक्ति, सुरक्षा और विजय के प्रतीक हैं। उन्होंने नृ-सिंह (आधा मनुष्य और आधा सिंह) का रूप धारण कर ब्रह्मा जी के वरदान का सम्मान करते हुए असुर का अंत किया था। प्रभु को संकटमोचन भी कहा जाता है, जो अपने भक्तों के भय और शत्रुओं का नाश करते हैं।
🍛 भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम के अंत में मंदिर प्रशासन एवं स्थानीय निवासियों द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
नरसिंह जन्मोत्सव के इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और भक्ति का संदेश भी प्रसारित किया।















































































