बरेली । रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर हरेंद्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देवरनिया क्षेत्र में उस समय हुआ जब पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंफर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों ने बताया 35 वर्षीय हरेंद्र पुत्र गिरिवर सिंह निवासी भगवतीपुर थाना बिथरी चैनपुर जिला बरेली का रहने वाले थे। उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के किच्छा से पशुओं के लिए चोकर लेकर ट्रैक्टर ट्राली से वापस आ रहे थे। उनके साथ उनका फुफेरा भाई संतोष कुमार निवासी तैय्यतपुर थाना बिथरी चैनपुर भी मौजूद था। सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच देवरनिया के पास पीछे से आए डंफर ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने हरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं संतोष कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंफर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक हरेंद्र की शादी नहीं हुई थी।