बदायूँ में ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड भव्य रूप में हुई, 489 जवानों ने ली सेवा और समर्पण की शपथ
बदायूँ। रिजर्व पुलिस लाइन में आज “रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26” का अत्यंत गरिमामय एवं भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा परेड की सलामी ली गई तथा परेड का निरीक्षण किया गया।
489 प्रशिक्षु आरक्षियों ने शानदार परेड कर दिखाई अनुशासन और दक्षता।
समारोह में कुल 489 प्रशिक्षु रिक्रूट आरक्षियों ने अपने कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण के उपरांत उत्कृष्ट परेड का प्रदर्शन किया। उनकी एकरूपता, अनुशासन, तालमेल और समर्पण ने उपस्थित अधिकारियों एवं दर्शकों को प्रभावित किया और पूरे परिसर में गौरवपूर्ण वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण (Live Broadcast) किया गया। रिक्रूट आरक्षियों ने मुख्यमंत्री के संदेश को ध्यानपूर्वक सुना, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील एवं अपराध के प्रति सख्त रहने का आह्वान किया।

समारोह के अंतिम चरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के उपरांत सभी टोलियों ने अनुशासित एवं गौरवपूर्ण ढंग से प्रस्थान किया।
उत्कृष्ट रिक्रूटों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर किया सम्मानित
प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से जवानों का उत्साह और मनोबल और अधिक बढ़ा।
मुख्य अतिथि अजय कुमार साहनी ने अपने संबोधन में सभी नव-दीक्षित आरक्षियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की यह नई ऊर्जा प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा रिक्रूट आरक्षियों के कठिन एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में एसएसपी द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह दीक्षांत परेड समारोह न केवल प्रशिक्षु आरक्षियों के कठोर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक रहा, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था और पेशेवर दक्षता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।















































































