बरेली। माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में तथ्य फाउंडेशन के यूनाइटेड नेशंस की कार्यप्रणाली पर चल रहे शैक्षिक डेमोंसट्रेशन के दूसरे दिन मुख्य अतिथि एसएसपी अनुराग आर्य ने विद्यार्थियों से संवाद किया। एसएसपी ने छात्रों के सभी सवालों का जवाब देकर उन्हें प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल प्रबंधक डॉ सौरभ कुमार अग्रवाल ने एसएसपी का स्वागत किया। इसके बाद सवालों का सेशन शुरू हुआ। कक्षा 12 के छात्र खुशहाल चंदानी ने पूछा कि आपकी वर्दी यह दर्शाती है कि आपने अत्यंत कठोर परिश्रम किया है। इतने लंबे सफर के दौरान आपने स्वयं को प्रेरित कैसे बनाए रखा? विवान कनौजिया ने पूछा कि पुलिस सेवाओं को लेकर जनता की जो धारणा है, वह अक्सर नकारात्मक रहती है। आप इस स्थिति को किस प्रकार संभालते हैं? त्रिशा भटनागर ने सवाल उठाया कि हम विद्यार्थी के रूप में अपने देश की सेवा किस प्रकार कर सकते हैं? एसएसपी ने सभी सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम करके ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। एक बार सफलता प्राप्त करने के बाद उसको बनाए रखने के लिए और भी कठिन परिश्रम करना होता है। हमें अपने काम के प्रति बेहद ईमानदार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम लगातार जनता के बीच में जाकर उनकी समस्याओं को जानते हैं और उनका समाधान करने की कोशिश करते हैं। पुलिस आपकी दोस्त है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।