बदायूँ। जिले में पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत सहसवान विधानसभा क्षेत्र स्थित पौराणिक तीर्थ स्थल सरसौता के विकास के लिए 45 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति बदायूँ से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) वागीश पाठक के आग्रह पर प्रदान की गई है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सरसौता तीर्थ के समग्र विकास कार्य को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं विकास निगम (यूपीएससीडीसी) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। एमएलसी वागीश पाठक ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र की जनता की आस्था को ध्यान में रखते हुए सरसौता तीर्थ के विकास की मांग सरकार के समक्ष रखी थी, जिसे पर्यटन मंत्री द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई। उन्होंने कहा कि सरसौता क्षेत्रवासियों के लिए प्रमुख आस्था का केंद्र है और इसके विकास से न केवल धार्मिक महत्व बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। वागीश पाठक ने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार और पर्यटन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे आस्था और विकास को साथ लेकर चलने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।