बरेली। महिला जिला अस्पताल में आयोजित ‘बेटी जन्मोत्सव’ कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों के साथ बाउंसर द्वारा कथित बदसलूकी की गई। इस घटना से नाराज़ पत्रकारों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया और बीच में ही कवरेज छोड़कर बाहर निकल गए। जानकारी के अनुसार, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंची थीं। कार्यक्रम के दौरान मीडिया कवरेज के समय सुरक्षा में तैनात बाउंसर वीडियो बना रहा था, पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। घटना से आक्रोशित पत्रकारों ने एकजुट होकर कार्यक्रम का बहिष्कार करने का निर्णय लिया और विरोध जताते हुए अस्पताल परिसर से बाहर आ गए। इस घटनाक्रम के बाद कार्यक्रम का माहौल भी प्रभावित हुआ। मामले को लेकर पत्रकारों में नाराजगी बनी हुई है और उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।