नीलकंठ मंदिर में शिवमहापुराण कथा :भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम
बरेली। राजेंद्र नगर स्थित नीलकंठ मंदिर में चल रही श्री शिवमहापुराण कथा के नवम दिवस पर वातावरण पूर्णतः शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं की उपस्थिति और भक्ति भाव ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।
वृंदावन धाम से पधारी कथा व्यास राध्या भारद्वाज जी ने अपने दिव्य प्रवचनों में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की महिमा का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि ये ज्योतिर्लिंग केवल तीर्थ नहीं, बल्कि आत्मा के जागरण और मोक्ष के द्वार हैं। प्रत्येक ज्योतिर्लिंग की कथा के माध्यम से उन्होंने शिव तत्व की व्यापकता, करुणा और सृष्टि के मूल स्वरूप को सरल भाषा में समझाया।
कथा के दौरान व्यास पूजन विधि-विधान से सम्पन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने गुरु तत्व के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में गुप्ता परिवार एवं शिखा गंगवार परिवार उपस्थित रहे, जिन्होंने भक्ति भाव से कथा श्रवण किया। आज के मुख्य अतिथि भाजपा उत्तर प्रदेश के सह कोषाध्यक्ष और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल , वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट अनिल सक्सेना , राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे , समाजसेवी डॉ विनोद पागरानी और डॉ विमल भारद्वाज , पंजाबी महासभा के अध्यक्ष संजय आनंद और पंजाबी महासभा के महामंत्री देवराज चंडोक् रहे जिनका नीलकंठ मन्दिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत व सम्मान किया गया ।
इस पावन अवसर पर नीलकंठ मंदिर समिति के सभी पदाधिकारी, संरक्षक सतीश कातिब ‘मम्मा’ पार्षद, आयुष अग्रवाल, पवन अरोड़ा, मुकेश पांडे, हरविंद्र रहेजा, संजय अरोड़ा, मनमोहन अरोड़ा, अनंत जोहरी और हरि शंकर अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एकाग्र चित्त से कथा का रसपान कर अपने जीवन को धन्य किया।
आयोजकों ने बताया कि कथा के समापन के उपलक्ष्य में कल प्रातः हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसके उपरांत दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इस भंडारे में सभी श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रित किया गया है, ताकि वे प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।














































































