बरेली। साहू गोपीनाथ तिराहे पर पीस कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा अंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की गई और आयोजकों को संविधान की प्रतिलिपि, पेन एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही आकर्षक झांकियों पर भी फूल बरसाकर विशेष सम्मान दिया गया।कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष नदीम इकबाल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को देश-दुनिया का महान मूकनायक और संविधान निर्माता बताते हुए उनके योगदान को अतुलनीय बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के नाम पर एक भव्य पार्क बनाया जाना चाहिए और किसी प्रमुख पुल का नाम भी उनके नाम पर रखा जाए। इसके लिए उन्होंने मेयर डॉ. उमेश गौतम एवं मुख्यमंत्री से मांग की।उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहब को किसी एक वर्ग तक सीमित करना उचित नहीं है, बल्कि उन्होंने सभी धर्मों हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई को अपने-अपने तरीके से प्रार्थना करने का अधिकार दिया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से एडिशनल एसपी पंकज श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धनंजय पांडेय एवं कोतवाली बारादरी के विजेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम मौजूद रही।इस अवसर पर मोनू खान, खुशनुमा खान, गुरु जनार्दन आचार्य, मनमोहन सिंह तनेजा, असलम खान और सोनू खान समेत पूरी टीम का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही और माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।