बरेली। चैत्र नवरात्र के समापन पर रामनवमी के पावन अवसर पर शहर भर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नौ दिनों तक व्रत रखने वाले देवी भक्तों ने मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। रामनवमी की सुबह भक्तों ने घरों में कन्याओं को आमंत्रित कर उनका पूजन किया। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण स्पर्श किए गए और उन्हें भोजन कराकर दक्षिणा व उपहार देकर विदा किया गया। इसके बाद भक्तों ने अपना व्रत खोला। शहर के विभिन्न इलाकों में कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया। विशेष रूप से बिहारीपुर क्षेत्र में हिमानी गुप्ता , अशोक गुप्ता , गिरीश गुप्ता , विमलेश गुप्ता , राजेश साहू , अजय साहू , प्रमोद , सहित कई श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में कन्याओं का पूजन कर उन्हें स्वादिष्ट भोजन कराया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।