बरेली। हरदोई जनपद के कटरा शाहबाद निवासी ट्रक ड्राइवर तौहीद 30 वर्षीय की नाले में गिरने से मौत हो गई। करीब 30 घंटे बाद उसका शव नाले से बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने नगर निगम की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। मृतक तौहीद पुत्र रहीस, कटरा शाहबाद थाना शाहबाद क्षेत्र के निवासी थे और अशोका लीलैंड की गाड़ी चलाते थे। बताया गया कि वह जैन कंपनी की ट्रक लेकर रुद्रपुर गए थे और वहां गाड़ी खड़ी करने के बाद वापस लौट रहे थे। बरेली पहुंचने पर वह सैटेलाइट इलाके में सवारी का इंतजार कर रहे थे और नाले के पास खड़े थे 15 फिट गहरे नाले का पटला हटा हुआ था नाला खुला हुआ था इसलिए उसमें गिर गए। मृतक के भाई नदीम ने बताया कि तौहीद गाड़ी रुद्रपुर में खड़ी कर वापस आ रहे थे और बरेली में उतरने के बाद सैटेलाइट पर खड़े थे। इसी दौरान नगर निगम की लापरवाही के चलते खुले गहरे नाले में गिर गए, जहां सुरक्षा के लिए कोई पटला या ढक्कन नहीं लगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि नाले को ढका गया होता तो यह हादसा नहीं होता। करीब 30 घंटे बाद तौहीद का शव बरामद हुआ, जिसमें 5 जेसीबी मशीन लगाई गई थी परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि तौहीद छह भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर का था। उनकी मां का नाम हुस्नबानो है और उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। परिजनों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही शहर में खुले नालों को ढकने की भी अपील की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे दोबारा न हों।