बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद बरेली के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन 3.0” अभियान के तहत थाना आँवला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 94 लीटर अवैध कच्ची व देशी शराब का नियमानुसार निस्तारण किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दक्षिणी बरेली के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी आँवला के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में संपन्न हुई। थाना आँवला पर वर्ष 2025 में पंजीकृत 29 आबकारी अधिनियम के अभियोगों में बरामद की गई कुल 94 लीटर अवैध शराब को नष्ट किया गया। माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम, आँवला (बरेली) के आदेश दिनांक 20 फरवरी के अनुपालन में गुरुवार को अपराह्न थाना परिसर में ही यह कार्रवाई की गई। प्लास्टिक की पिपियों व पौव्वों में रखी अवैध शराब को खाली जमीन पर गड्ढा खुदवाकर टीम की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए नष्ट किया गया। ऑपरेशन क्लीन के तहत गठित टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर, निरीक्षक अपराध अरविंद सिंह, हेड मोहर्रिर फजील अहमद, कांस्टेबल क्लर्क पूजा चौहान तथा महिला कांस्टेबल मोनिका शामिल रहीं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।