बरेली। कृष्णा खंडेलवाल कनक स्मृति साहित्यिक समिति के तत्वाधान में स्वर्गीय कृष्णा खंडेलवाल कनक की पुण्य स्मृति में संस्था मुख्यालय स्थित सभागार में काव्य संध्या एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी चंद्रकांत त्रिपाठी, संस्थापक अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद खंडेलवाल, संयोजक डॉ. रजनीश सक्सेना तथा अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती एवं स्व. खंडेलवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। काव्य पाठ सत्र में कवि रणधीर प्रसाद गौड़, राम कुमार भारद्वाज ‘अफरोज’, मनोज दीक्षित ‘टिंकू’ और ठाकुर राम प्रकाश सिंह ‘ओज’ ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम अध्यक्ष रमेश गौतम और संचालक कवि इंद्रदेव त्रिवेदी ने भी काव्य पाठ प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि चंद्रकांत त्रिपाठी ने कहा कि कृष्णा खंडेलवाल सही मायनों में साहित्य शिरोमणि थीं, जिनकी रचनाएं आज भी पाठकों के अंतर्मन को स्पर्श करती हैं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। संयोजक डॉ. रजनीश सक्सेना ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। अंत में संस्थापक अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद खंडेलवाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।