बरेली। प्राचीन एवं भव्य बाबा त्रिवटीनाथ मन्दिर परिसर में जगदजननी माँ भवानी के नव निर्मित दिव्य मंदिर की पंचदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन आज अत्यंत श्रद्धा-भक्ति के साथ हुआ। मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की लंबे समय से इच्छा थी कि माँ भवानी का अलग मंदिर बनाया जाए, क्योंकि अब तक माँ नवदुर्गा के स्वरूप शिवालय में विराजमान थे। भक्तों की भावना को ध्यान में रखते हुए मंदिर सेवा समिति ने पिछले वर्ष 15 जनवरी को मंदिर निर्माण का संकल्प लेकर आधारशिला रखी थी और लगभग 13 माह में निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया। पंचम दिवस पर कार्यक्रम यज्ञशाला में हवन से आरम्भ हुआ, जिसके बाद दुर्गा सप्तशती पाठ, पूजन-अर्चन तथा वैदिक विधि से प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। नव प्रतिष्ठित माँ भवानी की सिंहवाहिनी प्रतिमा आशीर्वाद मुद्रा में अत्यंत मनोहारी दिखाई दी, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। महाआरती में 108 दीप और 108 घंटियों की ध्वनि से पूरा परिसर गूंज उठा। शंखनाद और जयकारों के बीच भक्तों ने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। कार्यक्रम में मेयर उमेश गौतम, पूर्व विधायक राजेश मिश्रा पप्पू भरतौल तथा एसपी मानुष पारीक सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। आयोजन में प्रताप चंद्र सेठ, सुभाष मेहरा, हरिओम अग्रवाल, अरुण गुप्ता, ब्रजेश शर्मा, विनय कृष्ण अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल, नवीन गोयल और विकास शिंघल सहित समिति के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।