बारात से लगा जाम तो बैंड मालिक, दूल्हे के पिता और बारात घर पर होगी कार्रवाई: डीएम
बरेली। सड़कों पर निकलने वाली बारातों के कारण लगने वाले जाम को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। हाल ही में एक एंबुलेंस के जाम में फंसने की घटना के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कड़े निर्देश जारी करते हुए साफ कहा है कि यदि किसी बारात की वजह से यातायात बाधित होता है और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला आया कि शहर की सड़कों पर बारातें धीमी गति से निकलती हैं। डीजे और बैंड की धुन पर सड़क पर ही डांस, पटाखेबाजी और रुक-रुक कर चलने से लंबे समय तक जाम की स्थिति बन जाती है। हाल ही में सुरेश शर्मा नगर क्षेत्र में एक एंबुलेंस गंभीर मरीज को लेकर अस्पताल जा रही थी, लेकिन बारात के कारण वह जाम में फंस गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि डायल 112 और स्थानीय थाने की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को बाहर निकाला जा सका। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जाम बारात की वजह से लगता है तो बैंड मालिक, दूल्हे के पिता और संबंधित बारात घर के संचालक को जिम्मेदार माना जाएगा उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैंक्वेट हॉल या जनवासा के सामने सड़क पर खड़े होकर समारोह मनाना, आतिशबाजी करना या लंबे समय तक नृत्य करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यदि उससे आमजन को असुविधा होती है। प्रशासन ने पूर्व में जारी आदेशों को दोबारा प्रभावी करते हुए सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेशों की अवहेलना करने पर दंडात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुशी के अवसर पर भी कानून-व्यवस्था और जनसुविधा का ध्यान रखें। किसी भी मरीज, एंबुलेंस या आपातकालीन वाहन को रास्ता देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













































































