बरेली । फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के राधा कृष्ण मंदिर कट पर हुए जानलेवा सड़क हादसों के बाद अब एनएचएआई हरकत में आ गया है। इस प्रकरण में छात्र असद अंसारी की शिकायत पीएमओ कार्यालय तक पहुंचने और गुरुवार को हुए जानलेवा हादसे व शुक्रवार रात टेम्पो पलटने के बाद अब शनिवार को एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर कट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई की टीम और चौकी प्रभारी अनूप सिंह मौजूद रहे। टीम ने राधा कृष्ण मंदिर के पास बने खतरनाक हाईवे कट की स्थिति का जायजा लिया और इसे पूर्ण रूप से बंद करने की तैयारी शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह माना गया कि यह कट लगातार जानलेवा हादसों का कारण बन रहा है और इसे खुला रखना आमजन की जान के लिए खतरा है। पीएमओ कार्यालय में छात्र असद अंसारी की शिकायत के बाद इस पूरे मामले पर गंभीरता से संज्ञान लिया गया, जिसके चलते एनएचएआई को मौके पर जांच के निर्देश दिए गए। इससे पहले केवल एएनए कॉलेज कट को बंद किया गया था, जबकि राधा कृष्ण मंदिर कट को नजरअंदाज किया गया, जो अब जानलेवा हादसों का कारण बना। चौकी प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि उन्होंने पूर्व में भी इस कट को बंद कराने के लिए लिखा था, लेकिन उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब हादसे के बाद एनएचएआई द्वारा निरीक्षण किया गया है और जल्द ही इस कट को पूरी तरह बंद कर सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्थानीय लोगों ने निरीक्षण के बाद राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि यदि यह कट समय रहते बंद कर दिया गया, तो भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लग सकेगी।