सोशल रिसर्च फाउंडेशन ने डॉ.त्रिवेन्द्र सिंह को दिया सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता पुरस्कार
उझानी । सोशल रिसर्च फाऊंडेशन कानपुर द्वारा देश के 16 उच्च शिक्षा के प्रोफेसर्स का सम्मान किया गया। डॉ. त्रिवेन्द्र सिंह ने अपने सभी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र भारतीय महिलाओं की राजनीतिक पृष्ठभूमि, सामाजिक विकास, राजनीतिक जागरूकता, राजनीतिक चेतना, शिक्षा, उनके प्रति भेदभाव, सामाजिक असमानता, आदि महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित रहे हैं। अंतराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिलाओं के गौरवान्वित इतिहास को डॉ त्रिवेन्द्र सिंह ने उत्कृष्ट रूप से अपने शोध ग्रन्थ में प्रस्तुत किया है। सोशल रिसर्च फाऊंडेशन के द्वारा प्रत्येक वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्वानों का सम्मान किया जाता है। इस वर्ष सर्वश्रेत शोधकर्ता का पुरस्कार डॉ.त्रिवेन्द्र सिंह, सहायक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान विभाग, एपीएम पी.जी. कॉलेज उझानी, बदायूं को देकर सम्मानित किया। संस्था के सचिव राजीव मिश्रा ने बताया कि 15 वर्षों से कार्यरत संस्था का इस देश में उच्च शिक्षा में एक स्थापित नाम है। राष्ट्रीय सेमिनार में चर्चा के साथ ही साथ पूरे देश भर से 16 शिक्षकों का सम्मान भी हो रहा है जिनके नाम क्रमशः डॉ भावना शर्मा कानपुर, डॉ मनोज कुमार देवरिया, डॉ सीमा जैन प्रयागराज, डॉ रश्मि गोयल गाजियाबाद, डॉ पुनीत शर्मा कानपुर, डॉ आफताब सिद्दीकी सीतापुर, डॉ आकांक्षा गुप्ता कानपुर, प्रो ममता सागर बादलपुर, डॉ सुनीता चटोराज कोलकाता, प्रो अरविंद देवांगन अमृतसर, डॉ महावीर प्रसाद टोंक, डॉ शिवेंद्र कुमार दरभंगा, डॉ त्रिवेंद्र कुमार सिंह बदायूं, डॉ आशिमा जैन जयपुर, डॉ हर्ष भारद्वाज अजमेर और डॉ नीतू सोनी जबलपुर से है। छह प्रदेशों से सभी सम्मानितजन ऑनलाइन जुड़कर सेमिनार में भाग ले रहे थे। डॉ. त्रिवेंद्र सिंह को सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर समस्त महाविद्यालय परिवार ने उनको शुभकामनाएं प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की !













































































