बरेली के सरस्वती शिशु मंदिर में 24 घंटे का समग्र अवलोकन प्रारंभ हुआ
बरेली। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सरस्वती शिशु मंदिर में शैक्षिक गुणवत्ता,अनुशासन एवं समग्र वातावरण के मूल्यांकन हेतु 24 घंटे का विद्यालय अवलोकन कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश द्वारा अवलोकन हेतु आए हुए परशुराम (महानगर सामाजिक समरसता संयोजक) ने वंदना सत्र में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पार्चन कर अवलोकन का प्रारंभ किया, विद्यालय प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने अतिथि परिचय करवाया एवं अवलोकन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा 24 घंटे का समग्र अवलोकन विद्यालय के संपूर्ण वर्ष की गतिविधि को दर्शाता है। शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया इस अवलोकन के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, कक्षा संचालन, छात्र अनुशासन, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन व्यवस्था एवं आवासीय सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। अवलोकनकर्ताओं ने कक्षा-कक्ष में अध्यापन शैली, शिक्षकों की तैयारी, विद्यार्थियों की सहभागिता एवं सीखने के स्तर को बारीकी से परखा। इसके साथ ही प्रातःकालीन वंदना सत्र, प्रार्थना, योग, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियाँ एवं सायंकालीन अध्ययन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। रात्रि विश्राम, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। अवलोकन दल ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, शिक्षकों की प्रतिबद्धता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को कुछ रचनात्मक सुझाव भी प्रदान किए, जिससे शैक्षिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। विद्यालय प्रधानाचार्य ने अवलोकन दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों को शीघ्र ही लागू किया जाएगा। यह 24 घंटे का अवलोकन कार्यक्रम विद्यालय के सतत सुधार एवं उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। इस अवसर पर विद्यालय का संपूर्ण आचार्य परिवार उपस्थित रहा।













































































