सोना-चांदी महंगे हुए तो बढ़ा आर्टिफिशियल आभूषणों का चलन, ऋषिकेश बाजार में दिखी खरीदारी की रौनक
ऋषिकेश। सोना और चांदी के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बाद अब महिलाओं का रुझान आर्टिफिशियल आभूषणों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। शादी-विवाह और पारिवारिक समारोहों में महिलाएं अपने सोलह शृंगार में आर्टिफिशियल आभूषणों को शामिल कर रही हैं। हल्के वजन, आकर्षक डिजाइनों और किफायती दामों के कारण ये आभूषण महिलाओं की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।
इन दिनों ऋषिकेश के बाजारों में आर्टिफिशियल आभूषणों की अच्छी-खासी मांग देखने को मिल रही है। खासतौर पर त्रिवेणी घाट बाजार में आर्टिफिशियल आभूषणों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों की महिलाएं और युवतियां बड़ी संख्या में इन दुकानों का रुख कर रही हैं और पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइनों तक की खरीदारी कर रही हैं।
बाजार में उपलब्ध आर्टिफिशियल आभूषण हल्के होने के साथ-साथ देखने में भी बेहद आकर्षक हैं। इसी वजह से इनकी बिक्री में जबरदस्त इजाफा दर्ज किया जा रहा है। घाट रोड बाजार में पिछले 21 वर्षों से आर्टिफिशियल आभूषणों की दुकान संचालित कर रही बबली राजपूत का कहना है कि शादी-विवाह के सीजन में सिल्वर और जर्मन धातु से बने गढ़वाली नथ, गढ़वाल की प्रसिद्ध तिमड़ी माला जंतर, गुलबंद, अमेरिकन डायमंड रिंग और बाहुबली एयर रिंग की मांग काफी बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि इस सीजन में कारोबार काफी अच्छा रहा है और आने वाले समय में बाजार में नए डिजाइन भी आने की उम्मीद है।
ग्राहकों का कहना है कि आर्टिफिशियल आभूषणों से उन्हें कम कीमत में बेहतर और स्टाइलिश विकल्प मिल जाता है। ग्राहक माधवी मिश्रा ने बताया कि बाजार में इस तरह के आभूषण उपलब्ध होने से महिलाएं अपने कपड़ों के अनुसार आसानी से मैचिंग आभूषण खरीद सकती हैं। इससे न केवल खर्च कम होता है, बल्कि हर समारोह में नया लुक अपनाना भी आसान हो गया है।
कुल मिलाकर बढ़ती महंगाई के बीच आर्टिफिशियल आभूषण महिलाओं के लिए फैशन और बजट दोनों के लिहाज से बेहतर विकल्प साबित हो रहे हैं, और इसका असर साफ तौर पर ऋषिकेश के बाजारों की रौनक में दिखाई दे रहा है।













































































