एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता अभियान चलाया, संगोष्ठी कर दिया स्वच्छता का सन्देश
बदायूँ । राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में 21वीं यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में व्यक्तिगत स्वच्छता, हाइजीन एवं सैनिटाइजेशन विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने की तथा संचालन प्रभारी केयर टेकर डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य छात्र छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स में व्यक्तिगत स्वच्छता, रोग-निवारण और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस मौके पर वक्ताओं ने रोजमर्रा के जीवन में साफ-सफाई की आदतों, सैनिटाइजेशन और हैंड वॉश के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने अपने संबोधन में व्यक्तिगत जीवन में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जैसे देश की सुरक्षा में लगे सैन्य बल स्वच्छता अपनाकर अपने स्वास्थ्य की रक्षा करते हैं, वैसे ही प्रत्येक नागरिक को भी अनुशासित स्वच्छ जीवनशैली अपनानी चाहिए।
मुख्य वक्ता वनस्पति विज्ञान की असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ प्रियंका सिंह राघव ने वायरस एवं बैक्टीरिया जैसी अदृश्य सूक्ष्मजीव शक्तियों को स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए नियमित हैंड वॉश और सैनिटाइजेशन को सुरक्षित जीवन की अनिवार्य शर्त बताया। डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि यदि व्यक्ति स्वच्छता के प्रति सजग न रहे तो अनेक रोगों का शिकार होकर स्वास्थ्य को भारी क्षति पहुंचा सकता है। उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. राशेदा खातून ने मच्छर जनित रोगों की जानकारी देते हुए स्वच्छ वातावरण, गंदे पानी का निष्कासन और ठहरे हुए जल के निस्तारण को मलेरिया एवं डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव का प्रमुख उपाय बताया।
संगोष्ठी से पूर्व एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की और कचरे का समुचित निस्तारण किया।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स अनन्या मिश्रा, सौरभ कुमार, आराध्या मिश्रा, काजल, संध्या, हिना , बृजेश शाक्य, रूबी, निशा, विधि तोमर, ओमेंद्र, पूजा , आशी राणा, मनु सिंह, अंजली आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई !













































































