छेड़छाड़ और दबंगई से परेशान तीन छात्राओं ने मांगी पुलिस सुरक्षा, परिवार का आरोप,कार्रवाई के बजाय उल्टा दर्ज हुआ क्रॉस केस
बरेली। नगर पंचायत शेरगढ़ और थाना शेरगढ़ क्षेत्र में मनचलों की छेड़छाड़ और दबंगई से परेशान तीन स्कूली छात्राओं ने सुरक्षा की मांग की है। ब्राह्मनान वार्ड संख्या-11 निवासी छात्राएँ प्रतिदिन राजकीय इंटर कॉलेज कावर खास पढ़ने जाती हैं, लेकिन रास्ते में ख्यालीराम के पुत्र अर्जुन और अंकित द्वारा आए दिन छेड़छाड़ व मारपीट की घटनाएँ की जाती रहीं। विरोध करने पर मनचलों ने छात्राओं के पिता पर भी जानलेवा हमला कर दिया।
परिजनों के अनुसार, 2 नवंबर 2025 को कावर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे पिता पर सभासद ख्यालीराम व उसके बेटों ने हमला कर दिया, जिससे वे बेहोश होकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराएँ शामिल किए बिना सिर्फ हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
परिवार का कहना है कि आरोपी पक्ष की पुलिस से सांठगांठ के चलते तीन दिन बाद उल्टा क्रॉस केस दर्ज करा दिया गया। न्याय न मिलने पर 10 नवंबर 2025 को पीड़ित पक्ष दामोदर पार्क, बरेली में धरने पर बैठ गया। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया, लेकिन कोई ठोस कदम न उठने पर जागन लाल 1 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी लखनऊ से मिले। उच्चाधिकारियों ने बरेली एसएसपी को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल छात्राएँ डरी हुई हैं और स्कूल जाना चाहती हैं, लेकिन दबंगों की धमकियों के कारण खतरा बना हुआ है। परिवार का कहना है कि ख्यालीराम और उसके पुत्र लगातार समझौते का दबाव डाल रहे हैं। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि छात्राओं को स्कूल आने-जाने में पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।













































































