मिशन शक्ति 5.0 के तहत उझानी में जागरूकता कार्यक्रम हुआ,छात्राओं को हेल्पलाइन नम्बरो की जानकारी दी

उझानी। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत नगर के देव नागरी इंटर कॉलेज में कोतवाली पुलिस टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महिला उप निरीक्षक भारती सिंह, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, महिला कॉन्स्टेबल मनीषा और हेड कांस्टेबल रिंकिश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र–छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा तकनीकें और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। टीम ने 1090, 1098, 112 सहित अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और महत्व पर भी प्रकाश डाला। छात्राओं को आत्मरक्षा के सरल और उपयोगी उपाय भी सिखाए गए।
इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक आर. एम. शर्मा, निदेशक प्रमीला शर्मा और प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं!