बरेली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी ने प्रदेश अध्यक्ष (युवा) सुनील खत्री के नेतृत्व में मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा से मुलाकात कर उन्हें बुके भेंट किया और दीपावली पर्व पर शहर में विशेष फायर सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। सुनील खत्री ने बताया कि दीपावली पर ज्वेलरी, किराना, पटाखा व अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में खरीदारी का अत्यधिक दबाव रहता है। ऐसे में लाइटिंग, पटाखों और बिजली के अधिक उपयोग के चलते शॉर्ट सर्किट या अग्निकांड की आशंका बनी रहती है। उन्होंने मांग की कि करेली, करगैना, राजेन्द्र नगर, डेलापीर, फिनिक्स मॉल, कर्मचारी नगर, सीबीगंज, एयरफोर्स क्षेत्र सहित शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सतर्क अवस्था में तैनात की जाएं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। सुनील खत्री ने कहा कि दीपावली पर्व पर शहरवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि त्योहार सुरक्षित और हर्षोल्लासपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने आश्वासन दिया कि अग्निशमन टीम अलर्ट मोड में रहेगी और मुख्य स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात की जाएंगी। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष युवा सुनील खत्री, महानगर प्रभारी डॉ. नकुल यादव, सलाहकार रवि गुप्ता, सैयद हैदर अली, मनोज देवल, राजकुमार, गणेश शंकर सिंह, एहसान जेदी, पंकज देवल आदि मौजूद रहे।