बदायूं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के डॉ. भीमराव अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पढ़आ में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला नारी शक्ति एवं साइबर क्राइम के विषय पर छात्र-छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनसे बचाव के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के नियमों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। साथ ही, नारी शक्ति से संबंधित अधिकारों, आत्मरक्षा के तरीकों और समाज में महिलाओं की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षकों ने कहा कि छात्र-छात्राएं यदि इन विषयों को समझ लें तो वे स्वयं सुरक्षित रह सकते हैं और दूसरों को भी जागरूक कर सकते हैं। विद्यालय परिसर में उपस्थित बच्चों ने कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और कई सवाल भी पूछे। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।