बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण ने गुरुवार को अपने नवीन कार्यालय भवन में रामगंगा नगर व ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के अंतर्गत भूखण्डों के आवंटन हेतु शिविर का आयोजन किया। लाटरी ड्रा के माध्यम से विभिन्न श्रेणी व क्षेत्रफल के 148 भूखण्डों का आवंटन किया गया। इस प्रक्रिया से प्राधिकरण को लगभग 70 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। शिविर में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मनिकन्डन ए., सचिव वंदिता श्रीवास्तव, संयुक्त सचिव दीपक कुमार, विशेष कार्याधिकारी नीलम श्रीवास्तव, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी शिवधनी सिंह यादव तथा अधिशासी अभियंता ए.पी.एन. सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि रामगंगा नगर व ग्रेटर बरेली योजनाओं के बाद नयी टाउनशिप योजना दूसरी सबसे बड़ी परियोजना होगी। यह योजना दिल्ली-लखनऊ बड़ा बाईपास व बरेली-पीलीभीत राजमार्ग से सटी हुई है। इसमें 45 व 30 मीटर चौड़ी जोनल रोड, 18 मीटर तक आंतरिक सड़कें, भूमिगत बिजली लाइनें तथा 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र की सुविधा प्रस्तावित है। योजना में आवासीय व व्यावसायिक भूखण्डों के साथ होटल, अस्पताल, शैक्षिक संस्थान, साइबर सिटी, मल्टीप्लेक्स और मनोरंजन पार्क विकसित किए जाएंगे। लोगों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए विशाल केंद्रीय पार्क और नेबरहुड पार्क भी बनाए जाएंगे। बरेली विकास प्राधिकरण के अनुसार यह प्रदेश का पहला प्राधिकरण है, जिसने किसानों से आपसी सहमति से भूमि खरीदकर योजना विकसित की है। नयी टाउनशिप योजना का डिमांड सर्वे 30 सितम्बर तक जारी रहेगा। आवेदन फार्म एचडीएफसी बैंक, एक्जीक्यूटिव क्लब रोड से प्राप्त किए जा सकते हैं या प्राधिकरण की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं।