बदायूं में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी ने बढ़ाया आकर्षण

बदायूँ ।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा बदायूं क्लब बदायूं में आयोजित प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के साथ-साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया गया है। यह प्रदर्शनी आमजन को योजनाओं की जानकारी देने और उनमें सहभागिता सुनिश्चित करने का माध्यम बन रही है।
प्रदर्शनी के प्रति जनपद के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों तथा गणमान्य नागरिकों में गहरा रुझान देखने को मिला। बुधवार को क्रिश्चियन हायर सैकेण्ड्री स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापकों व छात्रों ने समूह बनाकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित सामग्री को देखकर उत्साह व्यक्त किया। प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री जी के व्यक्तित्व, उनके संघर्षपूर्ण जीवन, उपलब्धियों तथा देशहित में किये गए कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।
प्रधानाचार्यों एवं अध्यापिकाओं ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों में प्रेरणा का संचार करती है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करती है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जी के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंग, उनके द्वारा संचालित कार्यक्रम, उपलब्धियां एवं विकासपरक दृष्टिकोण को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे विद्यार्थी न केवल इतिहास और वर्तमान की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं बल्कि भविष्य की दिशा में सोचने के लिए भी प्रेरित हो रहे हैं।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओं की उपलब्धियों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है, जिससे आमजन तक उनका संदेश आसानी से पहुँच रहा है।
गणमान्य नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ समाज को जागरूक करने और योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने में सहायक होती हैं। सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ तभी मिलेगा जब लोग उनकी जानकारी प्राप्त कर समय पर आवेदन कर सकें।
प्रदर्शनी में बताया गया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य जनसामान्य को योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें देश व प्रदेश के विकास कार्यों से जोड़ना है। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों, महिलाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों में जागरूकता का वातावरण बन रहा है। प्रदर्शनी में उमड़े जनसमूह और विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि लोग विकास की ओर बढ़ते भारत की कहानी जानने के प्रति गंभीर रुचि रखते हैं।